मुंबई। सोमवार को देर शाम मुंबई में आई आंधी ने भारी तबाही मचाई। धूलभरी आंधी के साथ बारिश भी हुई। तेज आंधी आने पर घाटकोपर में होर्डिग्स गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 59 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने होर्डिंग्स के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की है। मौसम विभाग ने मुंबई में तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया था।
सोमवार को घाटकोपर ईस्ट में पंतनगर में इन्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर पुलिस ग्राउंड पेट्रोल पंप के पास हाेर्डिंग्स गिरने से 100 लोग नीचे दब गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी।
मुंबई में अचानक मौसम खराब होने के बाद 15 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। इसमें से कई फ्लाइट्स को सूरत डायवर्ट किया गया है। आंधी थमने के बाद एयरपोर्ट पर रुके विमानों ने उड़ान भरनी शुरू कर दी है।
सोमवार को अचानक मुंबई का मौसम बदल गया और आंधी-तूफान के साथ बारिश होने लगी। मंुबई के बोरीवली, कांदिवली, मलाड, घाटकोपर और गोरेगांव में भारी बारिश हुई है। आंधी से नई मुंबई के अधिकांश इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप रही।
पडोसी राज्य गुजरात में भी तेज हवा चलने और बेमौसम बारिश होने की जानकारी मिली है। आंधी आने से बोटाद के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पार्किंग का शेड हवा में उड़ गया। मौसम विभाग ने गुजरात में 16 मई तक तेज आंधी और बारिश होने की चेतावनी दी है।