नई दिल्ली। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता सुशील मोदी का निधन हो गया। वे कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका एम्स में इलाज चल रहा था। उन्होंने 72 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बिहार के मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी देते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। चौधरी ने लिखा है- बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार के लिए अपूरणीय क्षति है।
सुशील कुमार मोदी पिछले छह माह से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने 3 अप्रैल को सोशल मीडिया (X) पर इसकी जानकारी शेयर की थी। सुशील कुमार मोदी का जन्म 5 जनवरी, 1952 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। उनके पिता का नाम मोतीलाल मोदी और माता का नाम रत्ना देवी था। उनकी पत्नी जेस्सी इसाई धर्म की हैं और प्रोफेसर हैं। सुशील कुमार मोदी को दो बेटे हैं। एक का नाम उत्कर्ष और दूसरे का अक्षय अमृतांक्षु है। सुशील मोदी शुरुआत से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे। 1971 में सुशील मोदी ने छात्र राजनीति की शुरुआत की। 1990 में सुशील मोदी विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। इसके बाद बिहार की राजनीति में उनका कद बढता ही चला गया। 2004 के लोकसभा चुनाव में सुशील मोदी भाजपा के टिकट पर भागलपुर से सांसद चुने गए थे। 2005 में उन्होंने संसद सदस्यता से इस्तीफा दिया और विधान परिषद के लिए निर्वाचित होकर बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री बने। सुशील मोदी 2005 से 2013 और 2017 से 2020 तक बिहार के वित्त मंत्री रह चुके हैं।