नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। 50 दिनों से तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल शुक्रवार शाम को बाहर आए। जेल से छूटने के दूसरे दिन शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यालय में मीडिया, समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप सब लागों के बीच वापस लौटकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। हमें मिलकर अपने देश को तानाशाही से बचाना है। मैं अपनी पूरी ताकत से लडंूगा, मुझे देश के 140 करोड़ लोगों समर्थन चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि आपका प्रधानमंत्री कौन होगा? आप सोच रहे होंगे कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। नहीं, मोदी अगले साल 75 साल के हो जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद भाजपा के अंदर नियम बनाया है कि वह 75 साल में रिटायर हो जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो गृहमंत्री अमित शाह देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल भेज दिया गया। पीएम ने आप को कुचलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने मुझे जेल भेज दिया। उन्होंने अपनी पार्टी में चोरों को शामिल किया है। प्रधानमंत्री मोदी देश के सभी नेताओं को खत्म करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी सभी विपक्षी नेताओं को जेल भेजना चाहते हैं। तानाशाह लोकतंत्र को खत्म करना चाहता है। देश को तानाशाह से बचाने की जरूरत है। भाजपा ने अपने नेताओं का सफाया किया है। लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी को रिटायर कर दिया। रमण सिंह, शिवराज सिंह चौहान, वसंुधरा राजे और मनोहर लाल की राजनीति खत्म कर दी। अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नंबर है। अगर चुनाव जीत गए तो दो महीने में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बदल देंगे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय में कार्यकताओं की भीड़ को देखते हुए कहा कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं रैली बन गई है। मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अबकी बार 400 पार नहीं, अबकी बीजेपी का बेड़ा पार।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आने के बाद सबसे पहले क्नॉट प्लेस में हनुमान जी के मंदिर में पूजा करने गए। इसके बाद शनि मंदिर में पूजा की। इस दौरान भगवंत मान भी उनके साथ मौजूद थे।
बता दें, अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद आम आदमी पार्टी को बडी राहत मिली है। केजरीवाल आप के सबसे बड़े स्टार प्रचारक हैं। अरविंद केजरीवाल उस समय जेल से छूटकर आए हैं जब दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में लोकसभा के चुनाव बाकी है। इन तीनों ही राज्यों में आम आदमी पार्टी की स्थिति काफी मजबूत है। केजरीवाल तीनों राज्यों में रैली और रोड शो करेंगे।