Monday, March 17, 2025
Homeअहमदाबादप्रियंका गांधी ने बनासकांठा में रैली को संबोधित करते हुए मोदी पर...

प्रियंका गांधी ने बनासकांठा में रैली को संबोधित करते हुए मोदी पर साधा निशाना

बनासकांठा। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान का चुनाव प्रचार 5 मई को समाप्त हो जाएगा। तीसरे चरण में गुजरात की 25 सीटों पर मतदान होगा। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झाेंक दिए हैं। कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रियंका गांधी एक बार फिर गुजरात में चुनाव प्रचार करने आई हैं। उन्होंने बनासकांठा में न्याय संकल्प रैली को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने इससे पहले धरमपुर में रैली को संबोधित करके वलसाड के उम्मीदवार का प्रचार किया था।
प्रियंका गांधी ने बनासकांठा की रैली में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम अपने बुजुर्गों को देखकर सीखते हैं, लेकिन पीएम मोदी को देखकर क्या सीख सकते हैं? ये तो हमेशा झूठ बोलते हैं। देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसी बातें अच्छी नहीं है। कांग्रेस पर भैंस छीनने का आरोप लगाया है, ये सरासर झूठ है। आप बताओ पिछले 55 सालों में किसी की भैंस छीनी गई। पीएम मोदी के 10 साल के शासनकाल में भी हमारे जीवन स्तर में कोई सुधार नहीं हुआ।
पुरुषोत्तम रुपाला के विवादित बयान और क्षत्रियों की नाराजगी पर प्रियंका गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते कहा कि यहां क्षत्रिय समाज की महिलाओं का अपमान किया गया, क्या नरेंद्र मोदी ने आपकी बात सुनी? उस उम्मीदवार को क्यों नहीं हटाया गया। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं बहनों से वादा करती हूं कि यदि मुझे मौका मिला तो महिलाओं का ऐसा अपमान नहीं होने दूंगी।
प्रियंका गांधी ने पेपरलीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में पिछले 10 सालों में 14 बार पेपर लीक हुए हैं। केंद्र सरकार में 30 लाख नौकरियां खाली पड़ी हैं। यहां आउट सोर्सिंग और काॅन्ट्रैक्ट पर युवकों को रोजगार दिया जा रहा है। भर्ती की परीक्षा देने के बाद भी युवक नौकरी पाने का इंतजार कर रहे हैं। गुजरात में प्राइवेट यूनिवर्सिटी खुल रही हैं, जहां बच्चों को महंगी फीस चुकानी पड़ रही है। किसानों का मुद्दा उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि एमएसपी को लेकर कानून बनाया जाएगा, सभी कृषि उत्पादों से जीएसटी हटेगा, फसल नुकसान का 30 दिन के भीतर मुआवजा दिया जाएगा।
रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने अपने 10 साल के शासनकाल में लोगों के अधिकारों में कटौती की है। जनता अब भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है। महंगाई से हर व्यक्ति परेशान है। किसानों को भी परेशानी हो रही है। बोलने वालों को चुप करा दिया जाता है। महिलाओं पर जहां भी अत्याचार हुए, वहां इनकी ही सरकार थी। भाजपा सरकार ने कभी भी पीड़ितों की मदद नहीं की। किसानों-मजदूरों के साथ अन्याय किया गया। यहां तक ​​कि देश के लिए पदक जीतने वाले एथलीटों को भी यौन उत्पीड़न के विरोध में सड़कों पर उतरना पड़ा। प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी मेरे भाई को शहजादा कहते हैं। लेकिन वे सुन लें कि यह वही शहजादा है जो भारत यात्रा के दौरान पूरे भारत में 4000 किलोमीटर पैदल चलकर लोगों के दुख-दर्द को जाना।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments