अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं। गुजरात में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध चुने जाने के बाद अब 25 सीटों पर मतदान होगा। इन 25 सीटों पर 266 उम्मीदवार मैदान में हैं। उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे के अाधार पर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति के चाैंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं।
गुजरात इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफाॅर्म्स (एडीआर)
के विश्लेषण के आधार पर प्रदेश के 266 उम्मीदवारों में से 14 फीसदी उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज हैं। भरूच लोकसभा सीट के आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चैतर वसावा के खिलाफ 13 केस दर्ज हैं। वलसाड सीट के कांग्रेस उम्मीदवार अनंत पटेल के खिलाफ 4 केस, जूनागढ़ के कांग्रेस उम्मीदवार हीरा जोटवा के खिलाफ 2 केस अहमदाबाद-पूर्व के कांग्रेस उम्मीदवार हिम्मत सिंह पटेल के खिलाफ 2, पाटण के कांग्रेस उम्मीदवार चंदनजी ठाकोर के खिलाफ एक, छोटा उदेपुर के कांग्रेस उम्मीदवार सुखराम राठवा के खिलाफ एक और बनासकांठा की कांग्रेस उम्मीदवार गनीबेन के खिलाफ एक केस दर्ज है।
भाजपा उम्मीदवारों की बात करें तो गांधीनगर के उम्मीदवार अमित शाह के खिलाफ 3, जूनागढ़ के राजेश चूड़ासमा के खिलाफ एक, छोटा उदेपुर के जशु राठवा के लिए एक केस दर्ज है। भरूच में बीएपी उम्मीदवार दिलीप वसावा के खिलाफ एक केस दर्ज है।
सोमवार को जारी एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 266 उम्मीदवारों में से 68 उम्मीदवार करोड़पति हैं। भाजपा उम्मीदवारों के पास कांग्रेस उम्मीदवारों से ज्यादा संपत्ति है। भाजपा के 26 में से 24, कांग्रेस के 23 में से 21 और बसपा के 4 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
जामनगर की भाजपा उम्मीदवार पूनम माडम सबसे अमीर हैं, उनके पास 147 करोड़ की संपत्ति है। अमित शाह के पास 65 करोड़ और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल के पास 39 करोड़ की संपत्ति है। सूरत से निर्विरोध विजयी घोषित किए गए भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल के पास 17 करोड़ की संपत्ति है। पुरुषोत्तम रूपाला के पास 17 करोड़, मनसुख मांडविया के पास 7 करोड़ की संपत्ति है। कांग्रेस की बात करें तो अहमदाबाद-पश्चिम के उम्मीदवार भरत मकवाणा के पास 25 करोड़ की संपत्ति है।
सबसे कम आय और संपत्ति वाले उम्मीदवारों में बारडोली लोकसभा सीट की बसपा उम्मीदवार रेखा हरिसिंह चौधरी हैं। रेखा चौधरी ने अपनी सम्पत्ति 2000 रुपए घोषित की है। इसके अलावा कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश वसाइकर और एक निर्दलीय उम्मीदवार के पास भी कम संपत्ति है।
कर्जदार उम्मीदवारों में भाजपा की पूनम माडम सबसे आगे हैं, उन पर 53 करोड़ रुपए का कर्ज है। कांग्रेस उम्मीदवार चंदनजी ठाकोर पर 9 करोड़ रुपए और कांग्रेस उम्मीदवार जेनी ठुम्मर पर 3 करोड़ रुपए का कर्ज है।