वलसाड। गुजरात में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। राजनीतिक दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। शनिवार को कांग्रेस की महासचिव और स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने धरमपुर में रैली को संबोधित कर वलसाड लोकसभा सीट के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया।
प्रियंका गांधी ने धरमपुर में एक तीर एक कमान, आदिवासी एक समान कहकर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासियों की आबादी जहां अधिक है उसे अनुसूचित क्षेत्र घोषित करेंगे, ताकि आपको अधिक लाभ मिल सके। आप सब देख रहे हो, आपके साथ अन्याय हो रहा है, इसलिए राहुल जी ने न्याय यात्रा शुरू की थी। प्रियंका गांधी ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे किया, पर कुछ हुआ नहीं। सरकार ने 10 साल में दलियों, आदिवासियों या आम लोगों को सशक्त बनाने के लिए कुछ नहीं किया है। भाजपा सरकार का काम टीवी पर दिखाई दे रहा है, पर हकीकत में ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिराजी दुर्गम क्षेत्रों में भी आदिवासियों के बीच पहुंचती थी। जनता सर्वोपरि यह कांग्रेस की परंपरा है। भाजपा को सत्ता की चिंता है, जनता की कोई परवाह नहीं है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वापी में भारी प्रदूषण है। वलसाड जिले के अनेक इलाकों में पानी की सुविधा नहीं है। मछुआरों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो मछुआरों का पहचान-पत्र बनेगा। यहां के लोगों को सरकारी नौकरियों का लाभ मिलेगा। मनरेगा योजना को कांग्रेस की सरकार ने शुरू किया था। प्रियंका गांधी ने महंगाई आैर बेरोजगारी को लेकर भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि चुनाव आते ही भाजपा गरीबों की हमदर्द बन जाती है।
बता दें, वलसाड लोकसभा सीट पर भाजपा ने धवल पटेल तो कांग्रेस ने वांसदा के विधायक अनंत पटेल को मैदान में उतारा है। दोनों उम्मीदवार आदिवासियों की समस्याओं काे दूर करने का दावा कर रहे हैं। यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। वलसाड लोकसभा सीट को लेकर यह मान्यता है कि यहां जो उम्मीदवार चुनाव जीतता है, उसी की पार्टी की सरकार बनती है। यही कारण है कि गुजरात समेत देशभर के नेताओं की नजर इस सीट पर रहती है।