सूरत। सूरत लोकसभा सीट पर नीलेश कुंभाणी का पर्चा रद्द होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। मंगलवार को सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीलेश कंुभाणी के घर जाकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सूरत लोकसभा सीट पर नीलेश कुंभाणी को टिकट दिया था। नीलेश कुंभाणी ने समय पर नामांकन-पत्र भी भर दिया था, पर अचानक उनके समर्थक गायब हो गए। समर्थकों के गायब होने के बाद नीलेश कुंभाणी का पर्चा रद्द हो गया। इसके कुछ ही देर बाद दूसरी पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया और भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित किए गए। कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे घटनाक्रम में नीलेश कुंभाणी की भूमिका को संदिग्ध बताया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नीलेश कुंभाणी की वजह से देशभर में पार्टी की बदनामी हो रही है। मंगलवार को सुबह नीलेश कुंभाणी के घर के सामने विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।