नई दिल्ली। वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी को नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह 30 अप्रैल को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उसी दिन वर्तमान नौसेना प्रमुख आर. हरि कुमार रिटायर होंगे।
वाइस एडमिरल त्रिपाठी वर्तमान में नौसेना के उप प्रमुख हैं। अपने 40 साल लंबे करियर में त्रिपाठी ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। 15 मई 1964 को जन्मे वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी 1 जुलाई 1985 को नौसेना में शामिल हुए। वह सैनिक स्कूल रीवा और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़गवासला के पूर्व छात्र हैं। त्रिपाठी ने गोवा के नेवल वॉर कॉलेज और अमेरिका के नेवल वॉर कॉलेज में भी कोर्स किया है।
दिनेश कुमार त्रिपाठी संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं और उन्होंने सिग्नल संचार अधिकारी और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध अधिकारी के रूप में उन्नत नौसेना जहाजों पर काम किया है। सराहनीय और साहसिक कार्य के लिए उन्हें अत्यधिक विशिष्ट सेवा पदक और नौसेना पदक से सम्मानित किया गया है।