इस्लामाबाद। शुक्रवार को कराची में आतंकियों ने जापानी नागरिकों के वाहन पर हमला कर दिया। हालांकि हमले में दो आतंकी मारे गए, जबकि जापानी नागरिक सुरक्षित बच गए। पुलिस ने बताया कि कराची के लांधी इलाके में आत्मघाती हमलावर ने जापानी नागरिकों के वाहन को निशाना बनाते हुए धमाका किया। वाहन में पांच जापानी नागरिक थे, जो सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि हमले में दो आतंकवादी मारे गए हैं। हमला लांधी में मुर्तजा चोरंगी के पास हुआ।
पूर्वी के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अजफर महेसर ने बताया कि लांधी में मुर्तजा चोरांगी के नजदीक मोटर साइकिल पर सवार आतंकवादियों ने जापानी नागरिकों की वैन को टक्कर मारने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि सभी पांच जापानी नागरिक सुरक्षित हैं। हालांकि, उनके साथ मौजूद निजी सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। सुरक्षा गार्डों ने एक आतंकवादी को मार गिराया, जबकि दूसरे आतंकी ने विस्फोट करके खुद को उड़ा लिया। बताया जाता है कि जापानी नागरिक जिस वाहन में सवार थे, वह बुलेट प्रूफ था, इससे सभी की जान बच गई। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जापानी नागरिक सुजुकी मोटर्स में काम करते हैं।
पुलिस ने आतंकवादियों के पास से छह हथगोले, एक एसएमजी और तीन मैगजीन बरामद की हैं। हमलावरों के पास बैग में पेट्रोल की दो बोतलें भी थीं। सभी सामान हमलावरों के पास एक बैग में थे।
कराची में आत्मघाती हमला, बाल-बाल बचे वैन में सवार जापानी नागरिक
RELATED ARTICLES