वडोदरा। गुजरात में लोकसभा के साथ ही पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे। इसमें वाघोडिया सीट भी शामिल है। पूर्व विधायक मधु श्रीवास्तव ने वाघोडिया से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परचा भरा है। इस सीट पर भाजपा-कांग्रेस और मधु श्रीवास्तव के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
मधु श्रीवास्तव ने गुरुवार को वडोदरा में धीरज चौराहे से समर्थकों के साथ रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन-पत्र भरा। मधु श्रीवास्तव ने नामांकन-पत्र भरने के बाद अपनी जीत का दावा किया है।
बता दें, 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मधु श्रीवास्तव का टिकट काटकर अश्विन पटेल मैदान में उतारा था। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार धर्मेन्द्र सिंह वाघेला की जीत हुई थी। धर्मेन्द्र सिंह विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए। उनके इस्तीफा देने के बाद यह सीट खाली हो गई और अब इस पर उपचुनाव की घोषणा की गई है। 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय धर्मेन्द्र सिंह वाघेला को 77,905 और भाजपा उम्मीदवार अश्विन पटेल को 63,899 वोट मिले थे। निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मधु श्रीवास्तव 14,645 वोट और आम आदमी पार्टी के गौतम सोलंकी को 2995 वोट मिले थे।
वाघोडिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने धर्मेन्द्र सिंह वाघेला, कांग्रेस ने कनु गोहिल को मैदान में उतारा है। मधु श्रीवास्तव के निर्दलीय चुनाव लड़ने से यहां त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।