नई दिल्ली। पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने कहा कि भारत को चीन या पाकिस्तान से कोई खतरा नहीं है। अरुणाचल प्रदेश में चीन के जमीन कब्जाने की बात गलत है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए वीके सिंह ने कहा कि चीन ने भारतीय जमीन पर न तो कब्जा किया है और न ही उसे ऐसा करने दिया गया है। यह अफवाह है और इसे दिमाग से निकालने की जरूरत है। धरातल पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। विपक्ष की आेर से अरुणाचल प्रदेश को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। अरुणाचल प्रदेश में जो स्थिति 2012 से पहले थी, वही आज भी है। पूर्व सेना प्रमुख शनिवार को जयपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वीके सिंह ने कहा कि मैं भारत का सेनाध्यक्ष रहा हूं। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान के क्या हालात हो गए। वहां लोगों को रोटी तक नहीं मिल रही है। चीन को छोड़ हमें खुद की चीजों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। ऐसा करके ही हम आगे बढ़ सकते हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रोजगार को लेकर जो वादा जनता से किया था, उसे पूरा किया है।
अग्निवीर पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोग खुश और संतुष्ट हैं। अग्निवीर का पहला बैच अब यूनिटों में आना शुरू हो गया है। इस योजना में जो भी बदलाव करना होगा वह किया जाएगा।