सूरत। भरूच के पास अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर नवसारी से पैदल पावागढ़ दर्शन करने जा रहे पदयात्रियों के बीच पिकअप वैन घुसने से एक पदयात्री की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हादसा शुक्रवार को सुबह भरुच हाइवे नं 48 पर असुरिया पाटिया के पास हुआ। नवसारी के गडत गांव के 31 लोग चैत्र नवरात्रि में पैदल पावागढ़ कालिका माता का दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान भरूच में असुरिया पाटिया के पास पिकअप वैन पदयात्रियों के बीच में घुस गया। वैन की टक्कर लगने से पदयात्री मेहुल हलपति(उम्र-35) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल मुकेश हलपति और भीखू हलपति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज करके आगे की छानबीन शुरू कर दी है।