लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीलीभीत में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस-सपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा- इनको राम मंदिर से कल भी नफरत थी और आज भी नफरत है। अयोध्या में राम मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने लाख कोशिश की। कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा का न्योता मिलने बाद भी उसका बायकाॅट किया। पीएम मोदी ने कहा कि जिन कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर का समर्थन किया, प्राण प्रतिष्ठा में जाने की जिद की उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि
पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है, उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया तो हमने एक-एक भारतीय को वहां सुरक्षित निकाला है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से काम नहीं है। जब नीयत सही होती है। हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं।
10 साल के कार्यकाल में यह पहला मौका था, जब प्रधानमंत्री मोदी यहां पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बांसुरी भेंट करके प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी की जनसभा में पूर्व सांसद वरूण गांधी शामिल नहीं हुए। भाजपा ने इस बार पीलीभीत से वरूण गांधी का टिकट काटकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद को मैदान में उतारा है।