वडोदरा। नगर निगम की ओर से कमाटीबाग चिड़ियाघर में पशु-पक्षियों को धूप और गर्मी से राहत दिलाने के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पशु-पक्षियों के पिंजरे और बाड़े के ऊपर एग्रो नेट, सूखी घास, तिरपाल आदि डालकर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इससे पिंजरे में रहने वाले पशु-पक्षियों को गर्मी में ठंडक मिलेगी। पिंजरे के अलावा अंदर और बाहर भी पानी का छिड़काव किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार बच्चों के पिंजरे में बर्फ भी रखे जा सकते हैं। बच्चे बर्फ के टुकड़ों के साथ खेलते और उसे चाटते हैं। इससे बच्चों काे गर्मी से राहत मिलती है। हिरन के लिए अलग से शेड बनाया गया है। तेंदुआ और शेर सूखे वातावरण में रहना पसंद करते हैं। इन जंगली प्राणियों को पानी में सप्लीमेंट्ए दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही उनके खुराक में सप्लीमेंट्स दिया जा रहा है।
गर्मी में शाकाहारी पशुओं को तरबूज, खरबूजा, पपीता, अंगूर, ककडी दी जाती है। इसे खाने से पशुओं में गर्मी का असर नहीं होता है। सीजन में पशुओं को खाने के लिए आम भी दिया जाता है। डॉक्टर समय-समय पर पशुओं की देखभाल करते हैं। चिड़ियाघर में यात्रियों के पाथ-वे और विजिटर-वे पर दिन में दो बार पानी का छिड़काव किया जाता है। इससे ठंडक का अहसास होता है। गर्मी ज्यादा बढ़ने पर तीन में तीन-चार बार पानी का छिड़काव होता है।