अहमदाबाद। क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग पासपोर्ट के साथ एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी बांग्लादेश से युवतियां लाकर अहमदाबाद में सेक्स रैकेट चलाता था। क्राइम ब्रांच ने मोहम्मद लाभू मोहम्मद खलील सरदार को गिरफ्तार किया है। वह 2001 से अवैध तरीके से अहमदाबाद में रह रहा है। क्राइम ब्रांच ने उसके पास से भारत और बांग्लादेश का नकली पासपोर्ट भी जब्त किया है। मोहम्मद लाभू मोहम्मद खलील सरदार नकली दस्तावेज के आधार पर पासपोर्ट बनवाया था। आरोपी ने अहमदाबाद के सरदारनगर के रहने वाले रमेश के जरिए 3000 रुपए में नकली इलेक्शन कार्ड बनवाया था। इसके बाद आधार, पैन कार्ड भी बनवाया। वह दो बार नकली इलेक्शन कार्ड से मतदान भी कर चुका है। क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अहमदाबाद में एक मुस्लिम युवती से शादी किया है। उससे तीन बच्चे भी हैं। आरोपी ने बांग्लादेश में भी शादी की है। उसेे दो बच्चे हैं। आरोपी अहमदाबाद से बांग्लादेश रुपए भी भेजता था। आरोपी चार बार अहमदाबाद से बांग्लादेश भी जा चुका है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वह किसी आतंकी गतिविधि से तो नहीं जुड़ा है। इसकी भी जांच की जा रही है।