सूरत। नानपुरा में मक्कई पुल के पास 400 रुपए के लेन-देन में युवक की हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि 11 मार्च को देर शाम मक्कई पुल के पास 40 साल का युवक बेहोशी की हालत में मिला था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दूसरे दिन उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में युवक की पिटाई से मौत होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। इसी बीच एक अनजान युवक मृतक को लात-घूंसों से मारता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने आसपास पूछताछ शुरू की तो मृतक की पहचान भूरिया के रूप में हुई। मृतक ओडिशा का मूल निवासी था। मृतक भूरिया अपने गांव के राम किशोर प्रधान के साथ फुटपाथ पर रहता था। दोनों दोस्त थे। दोनों के बीच 400 रुपए को लेकर झगड़ हुआ था। राम किशाेर ने भूरिया को लात-घूंसों से मारा था। अंदरूनी चोट लगने से भूरिया की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी राम किशोर प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।