अहमदाबाद। यहां के बोपल इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है। बुधवार को रात में मेरी गोल्ड सर्किल के पास अज्ञात लोगों ने बिल्डर पर हमला कर दिया। बिल्डर ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की। फायरिंग की जानकारी मिलते ही बोपल पुलिस समेत उच्चाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि बोपल में रहने वाले बिल्डर उपेन्द्र सिंह चावड़ा बुधवार को रात में मेरी गोल्ड सर्किल के पास से जा रहे थे। पान पार्लर के पास चार-पांच गाड़ियां पार्क की गई थी और कुछ लोग सड़क पर खड़े थे। बिल्डर को देखते ही सड़क खड़े लोगों ने डंडा और पाइप लेकर हमला कर दिया। घबराए बिल्डर ने आत्मरक्षा में रिवाॅल्वर निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की छानबीन में निजी रंजिश में हमला होने की बात सामने आई है। बोपल पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र सिंह और अनिल सिंह को गिरफ्तार किया है।