सूरत। कतारगाम में नगर निगम के डंपर की टक्कर से मोपेड सवार दिव्यांग महिला की मौत होने के बाद भीड़ ने ड्राइवर की पिटाई की थी। इससे आहत होकर नगर निगम की 9 मजदूर यूनियनों ने कतारगाम में गायत्री डिपो का घेराव करके विरोध प्रदर्शन किया। मजदूर यूनियनों ने मजदूरों की सुरक्षा की मांग की। आंदोलन कर रहे मजदूर यूनियनों ने डंपर चालक को न्याय दिलाने और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। यूनियन के नेता इकबालभाई ने बताया कि बुधवार को कतारगाम में कितन अस्पताल के पास डंपर की टक्कर लगने से मोपेड पर जा रही दिव्यांग महिला की मौत हो गई थी। हादसे के बाद लोगों ने डंपर चालक की पिटाई की थी। इससे ड्राइवर को गंभीर चोटें आई है। डंपर चालक की पिटाई से नगर निगम में काम करने वाले मजदूर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गुरुवार को 9 मजदूर यूनियनों ने ड्राइवर की पिटाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।