सूरत। सिविल अस्पताल में चोरी करने वाली दो महिलाओं को सिक्योरिटी गार्ड ने रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों महिलाएं छह महीने पहले भी चोरी करती हुई पकड़ी गई थी। इस बार नई तरकीब से चोरी कर रही थी। दोनों महिलाएं बच्ची का इलाज कराने की आड़ में भीड़ का फायदा उठाती थी। सिक्योरिटी गार्ड ने दोनों महिलाआें और बच्ची को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
सिविल अस्पताल के सिक्योरिटी इंचार्ज आरके सिंह ने बताया कि इन दोनों महिलाओं को छह महीने पहले भी चोरी करके हुए पकड़ा गया था। दोनों महिलाएं एक बच्ची के साथ पिछले कुछ दिनों से सिविल अस्पताल में इधर-उधर घूमती हुई दिखाई दे रही थी। उनके पास अस्पताल की एक फाइल भी थी। पूछने पर कहती थी कि बच्ची का इलाज करवाने आई हूं। तलाशी लेने पर एक्सपायरी डेट की कुछ दवाएं भी मिली हैं। दोनों महिला ओपीडी में भीड़ के दौरान चोरी करके फरार हो जाती थी। इसी बीच पता चला कि सिविल अस्पताल में पिछले डेढ़ माह में 10 मोबाइल फोन की चोरी हुई है। दोनों महिलाओं को सिविल अस्पताल में देखकर सिक्योरिटी स्टाफ अलर्ट हो गया था और उन पर नजर रख रहा था। सिक्योरिटी इंचार्ज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद दोनों महिलाओं को पार्किंग एरिया से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।