वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जिस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था, अब उस सीट पर भाजपा में घमासान मच गया है। लोगों को उम्मीद थी कि वडोदरा में रंजनबेन भट्ट का टिकट कट जाएगा, पर भाजपा ने उन्हें तीसरी बार रिपीट किया है। रंजनबेन भट्ट को लेकर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। लोकसभा का टिकट न मिलने पर ज्योतिबेन पंड्या पार्टी से नाराज हो गई हैं। उनके बगावती सुर को देखते हुए प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल ने 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। ज्याेति पंड्या भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। वह मेयर भी रह चुकी हैं। वह भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष और भाजपा मध्य जोन की प्रवक्ता थीं।
पार्टी से निलंबित होने के बाद ज्योति पंड्या की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने रंजन भट्ट का नाम लिए बगैर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए हैं। ज्योति पंड्या का ने कहा कि वडोदरा का विकास अटक गया है। रंजन भट्ट को बार-बार टिकट क्यों दिया जा रहा है? अहमदाबाद, सूरत की तरह वडोदरा का विकास क्यों नहीं हो रहा है। जिसे पूरा शहर पसंद नहीं करता है पार्टी ने उसे ही टिकट दिया है।
ज्योति पंड्या के प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से पहले ही पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा मध्य जोन की प्रवक्ता ज्योति पंड्या को सभी पदों की प्राथमिक सदस्यता से सस्पेंड किया गया है।
बता दें, वडोदरा की इस सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उनके इस सीट को छोड़ने के बाद उपचुनाव हुआ था। जिसमें भाजपा ने रंजनबेन भट्ट को मैदान में उतारा था। रंजन भट्ट ने कांग्रेस उम्मीदवार नरेंद्र रावत को भारी मतों के अंतर से हराया था।
