सूरत। पूणा गांव में प्रेमी-प्रेमिका ने छत के हुक में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। शादीशुदा युवक एक माह पहले राजस्थान से अविवाहित युवती को अपने साथ लेकर सूरत आया था। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात दोनों ने छत के हुक में रस्सी बांधकर एक साथ आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले युवक ने अपनी बहन को हुक में रस्सी बांधकर फांसी लगाने की फोटो मोबाइल पर भेजी थी।
राजस्थान का मूल निवासी हुकुमसिंह पुत्र अमरसिंह चुडावत पूणा गांव में बीवी पार्क सोसाइटी में रहता था। हुकुमसिंह की 16 साल पहले शादी हुई थी और उसे दो बच्चे भी हैं। ढाई साल पहले हुकुमसिंह को रिश्तेदार की बेटी अनमोल से प्यार हो गया। हुकुमसिंह एक माह पहले अनमोल को राजस्थान से भगाकर सूरत ले आया था।
हुकुमसिंह की राजस्थान में मोबाइल की दुकान थी। वह सूरत आने के बाद गेहूं पीसने की चक्की लगाने की फिराक में था। लड़की को भगाने के कारण हुकुमसिंह के परिवार ने संबंध तोड़ लिया था।
हुकुमसिंह की एक बहन अपने पति के साथ सूरत में रहती है। घटना की जानकारी मिलते ही बहन मौके पर पहुंच गई। उसने दरवाजा खटखटाया, पर अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पूणा गांव पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो हुकुमसिंह और अनमोल फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। पुलिस ने दोनों शव नीचे उतारने के बाद पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल में रवाना कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिवारों को फोन से घटना की जानकारी दे दी है। दोनों ने किन कारणों से आत्महत्या की, अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। पूणा गांव पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।