बारडोली। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज गुजरात में अंतिम दिन है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी यात्रा को बीच में छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए। मंगलवार को महाराष्ट्र में फिर से यात्रा शुरू करेंगे। सोनगढ़ में होने वाले कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। रविवार को राहुल गांधी बारडोली के स्वराज आश्रम गए। इस दौरान फिल्म अभिनेता राज बब्बर, जयराम रमेश, शक्तिसिंह गोहिल, अमित चावड़ा समेत नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी बारडोली की सभा रद्द करके सीधे व्यारा पहुंच गए। व्यारा में आदिवासी नृत्य से राहुल गांधी का स्वागत किया गया। राहुल गांधी ने खुली जीप में लोगों को संबोधित किया।
बारडोली में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और हिन्दु संगठन आमने-सामने आ गए। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारडोली सर्किल पर पहुंचते ही हिन्दु संगठन हाथ में झंडा लेकर जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। वहीं यात्रा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता भी राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और हिन्दु संगठन आमने-सामने आ गए। हिन्दु संगठन के नारे- जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं से मामला और बिगड़ गया।
बता दें, भारत जोड़ो न्याय यात्रा व्यारा से सोनगढ़ होते हुए नवापुर से महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। सोमवार, 11 मार्च को विराम के बाद 12 मार्च को नंदूरबार पहुंचेगी। नंदूरबार में आयोजित आदिवासी सम्मेलन को कांग्रेस नेता राहुल गांधी संबोधित करेंगे। 13 मार्च को धुले में महिला अधिवेशन होगा। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगेे इसमें शामिल होंगे।