गोधरा। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज गुजरात में दूसरा दिन है। गुरुवार को झालोद में हजारों कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झालोद में जनसभा को संबोधित किया था। 8 मार्च को भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत दाहोद से हुई। राहुल गांधी ने सुबह कंबोई धाम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दाहोद में महिलाओं ने गरबा खेलकर उनका स्वागत किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी दाहोद और हालोल में पदयात्रा भी करेंगे। इस दौरान राहुल गांधी का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ सांसद जयराम रमेश, शक्तिसिंह गोहिल, भरतसिंह सोलंकी और जगदीश ठाकोर भी मौजूद हैं।
भारत जोड़ाे न्याय यात्रा दोपहर 2:00 बजे हालोल पहुंचेगी। इसके बाद पावागढ़ के लिए रवाना हो जाएगी। पावागढ़ में यात्रा का भव्य स्वागत होगा। राहुल गांधी पावागढ़ में काली मां का दर्शन करने भी जा सकते हैं। इसके बाद भारत जोड़ाे न्याय यात्रा शिवराजपुर से होते हुए जंबुघोड़ा पहुंचेगी।