जाैनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री प्रमोद यादव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर मोटर साइकिल पर सवार होकर आए थे। सीने में गोली लगने के बाद प्रमोद यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रमोद यादव आज सुबह कार में सवार होकर जौनपुर-रायबरेली मार्ग के पास पहुंचे थे, तभी मोटर साइकिल पर सवार तीन बदमाश शादी का कार्ड देने के बहाने प्रमोद यादव को गोली मारकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गए।
2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रमोद यादव को मैदान में उतारा था। उस चुनाव में सपा उम्मीदवार पारस नाथ यादव विजयी हुए थे। बाहुबली नेता धनंजय सिंह की पत्नी जागृति सिंह दूसरे नंबर पर थी। साल 2017 में धनंजय और जागृति का तलाक हो गया था। धनंजय ने तीसरी शादी श्रीकला रेड्डी से की है, जो मौजूदा समय में जौनपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।
भाजपा नेता प्रमोद यादव के पिता राजबली यादव भी जनसंघ से जुड़े थे। गांव में आपसी रंजिश की वजह से 1980 में उनकी भी हत्या कर दी गई थी।