अहमदाबाद। कांग्रेस ने पूर्व विधायक अंबरीश डेर को 6 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड किया। पार्टी से सस्पेंड होने के कुछ ही देर बाद अंबरीश डेर ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। वह एक-दो दिन में समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे न्याय यात्रा के गुजरात पहुंचने से पहले ही एक-एक नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।
अंबरीश डेर ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि वह कल भाजपा में शामिल होंगे। राजनीति में आने के बाद मुझे कभी पद की लालसा नहीं रही। जहां भावनाएं जुड़ी होती हैं, वहां सौदा नहीं होता है। उन्हाेंने कहा कि मुझे सबसे ज्यादा दुख राम मंदिर के प्रति कांग्रेस के रवैए को लेकर है। पूर्व विधायक ने कहा कि 550 साल पुराने राम मंदिर का मुद्दा हल हुआ है, इससे हमें खुश होना चाहिए।
अमरीश डेर ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को भेज दिया है। उन्होंने लिखा है- वर्तमान स्थिति को देखते हुए मैं कांग्रेस पार्टी के गुजरात कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और अन्य सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। भूतकाल में मैंने कांग्रेस के बैनर पर जीत हासिल की और लोगों की सेवा की है और मैं इसमें सहयोग के लिए कांग्रेस पार्टी का आभारी हूं. कृपया मेरा इस्तीफा स्वीकार करें।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल ने अहमदाबाद साइंस सिटी के पास अंबरीश डेर के घर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान मायाभाई आहिर भी उनके साथ थे। अंबरीश डेर के घर हुई बैठक में मायाभाई आहिर, प्रदेश भाजपा मंत्री रघु हुंबल, भाजपा नेता भरत डांगर, प्रदेश के पूर्व सचिव और राजुला के मूल निवासी पीके लहरी भी मौजूद थे। अंबरीश डेर के साथ ही अमरेली के 1000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होंगे।