अहमदाबाद/सूरत। भारतीय ट्राइबल पार्टी(बीटीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश वसावा ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय(सूरत, उधना) में प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात से प्रदेश में सियासत गरम हो गई है। महेश वसावा के जल्द भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि डेडियापाड़ा के पूर्व विधायक और बीटीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश वसावा जल्द ही एक सार्वजनिक सम्मेलन करके समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। कहा जा रहा है कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चैतर वसावा का विकल्प खोज लिया है। भरूच लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने डेडियापाड़ा के मौजूदा विधायक चैतर वसावा को टिकट दिया है। कांग्रेस ने आप से गठबंधन करके इसका समर्थन किया है। चैतर वसावा का आदिवासी इलाके में अच्छी पकड़ है। महेश वसावा भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो लोकसभा चुनाव में वसावाv/s वसावा में कांटे की टक्कर होगी। महेश वसावा की भी आदिवासी इलाकों में मजबूत पकड़ है। महेश वसावा के भाजपा में आने से आदिवासी वोट बंट जाएंगे।