नई दिल्ली। दिल्ली में मानव तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 5 महिलाएं हैं। यहां बच्चों को खरीदने-बेचने का गोरखधंधा धड़ल्ले से चलाया जा रहा था। आरोपी दूसरे राज्यों से बच्चों को लाकर बेचते थे। पुलिस ने 10 से 15 दिन पहले बेचे गए एक बच्चे को इन बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया है। पुलिस ने पीयूष अग्रवाल, राजिंदर और रमन को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरफ्तार पांच में से 2 महिलाएं दिल्ली और 3 पंजाब की हैं।
पुलिस ने बताया कि 20 फरवरी को बेगमपुर थाने में बच्चों की खरीद-फरोख्त के बारे में एक गुमनाम फोन आया था। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई थी। पुलिस ने दो महिलाओं को एक बच्ची के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर वे उसके माता-पिता का नाम और पता नहीं बता पाई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।