राजकोट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राजकोट बहुत खास है। आज से 22 साल पहले यानी 24 फरवरी 2002 को राजकोट-2(मौजूदा समय में राजकोट-पश्चिम सीट है) से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े थे। प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर उसी तारीख पर राजकोट आ रहे हैं। 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले 10 सालों से देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन अब तक राजकोट के ऋण को भूले नहीं हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया(X) पर लिखा- राजकोट का मेरे दिल में एक विशेष स्थान है और हमेशा रहेगा। इस शहर की जनता ने मुझ पर भरोसा किया और पहले चुनाव में मुझे जीत दिलाई थी।
उस समय राजकोट-2 मतक्षेत्र में डेढ़ लाख मतदाता थे। पूरे देश की नजर उस चुनाव पर थी। मोदी ने कहा था- यह चुनाव हमारे जीवन का टर्निंग पॉइंट है। अगर हम जीतेंगे तो आगे बढ़ेंगे अन्यथा पीछे..। 24 फरवरी 2002 को 57.22 प्रतिशत वोट हासिल करके कांग्रेस उम्मीदवार को 15,000 के अंतर से हराया था। मोदी को 45,298 और कांग्रेस उम्मीदवार अश्विन मेहता को 30,570 वोट मिले थे। इस चुनाव के बाद उनकी अकल्पनीय सफलता से फरवरी-2002 के राजकोट उपचुनाव की चर्चा पूरे देश में होती रही है। राजकोट के लोग मोदी को नहीं भूले हैं और मोदी राजकोट को नहीं भूले हैं। मोदी आज भी यहां कई लोगों को नाम से संबोधित करते हैं। उस दौरान वह अपने भाषण में 5 करोड़ गुजराती कहते थे, अब गुजरात की आबादी बढ़कर करीबन 7 करोड़ हो गई है। बता दें, राजकोट ही वह शहर है जो आज से 60 साल पहले भाजपा तब जनसंघ को जीत दिलाकर गुजरात विधानसभा में प्रवेश कराया था। इस चुनाव से पहले मोदी संघ और संगठन में रहकर भाजपा को जीत दिलाने की रणनीति बनाते थे। प्रधानमंत्री मोदी आज राजकोट आ रहे हैं। उनके आगमन पर पूरे शहर को सजाया गया है और उत्सव मनाने की तैयारी में हैं।