महेसाणा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वालीनाथ धाम में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर कड़े प्रहार किए। पीएम मोदी ने कांग्रेस को भगवान राम और राम मंदिर का विरोधी बताया। उन्होंने कहा कांग्रेस ने सोमनाथ और पावागढ़ के विकास में रुकावट डाली थी। सोमनाथ और पावागढ़ जैसे पवित्र तीर्थस्थल को विवाद का कारण बनाया था। इन्हीं लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था। कांग्रेस ने सूर्यमंदिर के मुद्दे पर वोटबैंक की राजनीति की है। नकारात्मकता में जीने वाले लोग नफरत की राजनीति नहीं छोड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं पहले भी वालीनाथ आया हूं, पर आज कुछ अलग रौनक है। दुनिया में चाहे जितना स्वागत हो, पर घर आने का आनंद कुछ और ही होता है। पीएम मोदी ने कहा कि आज से एक माह पहले अयोध्या में भगवान राम के चरणों में था। मुझे रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का सौभाग्य मिला। 14 फरवरी को अबू धाबी में हिन्दु मंदिर का लोकार्पण किया। उत्तर प्रदेश के संभल में कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास करने का मौका मिला। आज तरभ के वालीनाथ मंदिर में पूजा करने का अवसर मिला है। वालीनाथ देश-दुनिया के लिए एक तीर्थस्थल है, पर रबारी समाज के लिए यह पूज्य गुरु की गद्दी है। देशभर से रबारी समाज के लोग यहां आते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में एक अद्भुत कालखंड चल रहा है। देव सेवा और देश सेवा एक साथ हो रही है। आज महेसाणा में 13,000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इसमें शहरी विकास, सड़क, रेलवे की परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से लोगों का जीवर स्तर सुधरेगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूज्य जयरामगिरी बापू को प्रणाम करते हुए कहा- आपने महंत बलदेवगिरी बापू के संकल्प को आगे बढ़ाया है। जब मैं मुख्यमंत्री था तब बलदेवगिरी बापू का स्वागत करने का अवसर मिला था। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे मंदिर पूजा-पाठ करने के स्थल नहीं हैं, बल्कि हजारों साल पुरानी संस्कृति के प्रतीक हैं। हमारे यहां मंदिर ज्ञान और विज्ञान के केंद्र रहे हैं। मंदिर देश और समाज को ज्ञान की ओर ले जाने का करते हैं। वालीनाथ धाम इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। यहां स्कूल और हाॅस्टल के निर्माण से शिक्षा का स्तर सुधरा है। परंपरा को आगे बढ़ाने वाला रबारी समाज प्रशंसा का पात्र है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार प्रत्येक वर्ग के जीवन को सुधारने में लगी है। लोगों के जीवन में बदलाव लाना ही मोदी की गारंटी का लक्ष्य है। देश में देवालय भी बन रहे हैं और गरीबों के लिए घर भी बन रहे हैं। गुजरात में सवा लाख से अधिक गरीबों को घर मिला है। देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज मिल रहा है। देश में 10 करोड़ परिवारों को नल से जल पहुंचाया जा रहा है। पहले गुजरात में पानी की खूब तकलीफ होती थी। मटका लेकर दो किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। आज स्थिति बदल गई है, घर-घर पानी पहुंच रहा है। आजाद भारत में विकास और विरासत में टकराव चल रहा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर वालीनाथ धाम पहुंचे। इससे पहले पीएम मोदी ने रोड शो करके लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल भी मौजूद रहे।
बता दें, वालीनाथ धाम महादेव मंदिर गुजरात का दूसरा सबसे बड़ा मंदिर है। इसकी ऊंचाई 101 फीट, लंबाई 265 फीट और चौड़ाई 165 फीट है। पिछले 10 साल से मंदिर का निर्माण हो रहा था।



