गांधीनगर। भाजपा ने बुधवार को गुजरात में राज्य सभा की 4 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा, सूरत के हीरा उद्योगपति गोविंद धोलकिया, मयंक नायक और जसवंत सिंह परमार ने गांधीनगर में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल भी मौजूद थे। विधानसभा के प्रवेश द्वार पर ढोल-नगाड़े भाजपा उम्मीदवारों का स्वागत किया गया। विधानसभा के सामने गार्डन में बड़ा पंडाल लगाया गया था। भाजपा के सभी विधायक, नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद थे। भाजपा उम्मीदवारों ने गुरुवार को दोपहर 12 बजकर 39 मिनट पर विजय मुहूर्त में नामांकन पत्र दाखिल किया। गुजरात में चारों सीटों पर भाजपा की निर्विरोध जीत तय है। कांग्रेस के पास विधायकों का पर्याप्त संख्याबल नहीं है। 15 फरवरी को नामांकन पत्र भरने का अंतिम दिन है।
