अहमदाबाद। भाजपा ने गुजरात में राज्यसभा की 4 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा, ओबीसी मोर्चा के मयंक नायक, जसवंतसिंह परमार और सूरत के हीरा उद्योगपति गोविंद धोलकिया को राज्य सभा का टिकट मिला है। भाजपा ने गुजरात में नए चेहरों को उतारा है। इस बार मनसुख मांडविया और पुरुषोत्तम रूपाला को टिकट नहीं मिला है। अयोध्या में राम मंदिर को 11 करोड़ रुपए का दान देने वाले हीरा उद्योगपति गोविंद धोलकिया को भाजपा ने राज्य सभा का रिटर्न गिफ्ट दिया है।
भाजपा ने गुजरात में एक ब्राह्मण, एक पाटीदार और दो ओबीसी को मैदान में उतारा है। मयंक नायक भाजपा ओबीसी सेल के अध्यक्ष और गांधीनगर लोकसभा सीट के प्रभारी हैं। गोविंद धोलकिया लेउवा पटेल समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। वहीं, जसवंतसिंह परमार उत्तर गुजरात में भाजपा के कद्दावर नेता हैं।
वहीं, महाराष्ट्र से अशोक चौहान, श्रीमती मेधा कुलकर्णी और डॉ. अजीत गोपछड़े को राज्य सभा का टिकट दिया गया है। बता दें, अशोक चौहान एक दिन पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने राज्य सभा का टिकट देकर उन्हें खुश कर दिया है। इससे लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा फायदा होगा।
