अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा हाईकमांड इलेक्शन मोड में है। भाजपा आलाकमान ने दिल्ली में इस मुद्दे पर कवायद शुरू कर दी है कि किन उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा जाए। जानकारों की मानें तो भाजपा फरवरी के अंत तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पुरुषोत्तम रूपाला को लोकसभा चुनाव लड़ाने की भी तैयारी है। गुजरात भाजपा की राजनीतिक प्रयोगशाला है। यहां लोकसभा की घोषणा होने से पहले ही भाजपा ने कार्यालय खोेल दिए हैं। किन नेताओं को टिकट दिया जाए, इस पर मंथन चल रहा है। एक बात पक्की है कि इस बार लोकसभा चुनाव में मौजूदा सांसद रिपीट नहीं किए जाएंगे। 60 से अधिक उम्र वालों को टिकट नहीं मिलेगा। वहीं, महेसाणा की सांसद शारदाबेन ने पहले ही चुनाव न लड़ने की घोषणा कर दी है। भाजपा इस बार चुनाव में नए चेहरों को मैदान में उतारेगी। मार्च या अप्रैल में लोकसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। भाजपा फरवरी के अंत तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। एक बात पक्की है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गांधीनगर से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा प्रदेश की अन्य सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा दिल्ली से हाेगी।
गुजरात की चार राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। नामांकन भरने की अंतिम तारीख 15 फरवरी है। भाजपा 14 फरवरी को उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 12 फरवरी को गुजरात दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी।