इम्फाल। कांग्रेस ने मकरसंक्रांति पर मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की। यात्रा को शुरू करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश अन्याय के दौर से गुजर रहा है, इसलिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करने की जरूरत पड़ी। इसमें नफरत, हिंसा और एकाधिकार की कोई जगह नहीं होगी। यात्रा के जरिए कांग्रेस लोगों के मन की बात सुनना चाहती है, उनके दुख-दर्द को समझना चाहती है। इसलिए पूरब से पश्चिम भारत की यात्रा यहां से शुरू कर रहे हैं। मणिपुर की राजधानी इम्फाल से 40 किलोमीटर दूर थौबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की बस रवाना से पहले राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखे हमले किए। राहुल गांधी की भारत जोड़ा न्याय यात्रा 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। इस दौरान यात्रा 6713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह यात्रा 15 राज्यों से होकर गुजरेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरी झंडी दिखाकर भारत जोड़ाे न्याय यात्रा की बस को रवाना किया। कार्यक्रम में सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ल, आनंद शर्मा, रणदीपसिंह सुरजेवाला, अशोक गहलोत, अभिषेक मनु सिंघवी, भपेन्द्र सिंह हुड्ा, सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी समेत कांग्रेस नेता मौजूद रहे।