सूरत। खटोदरा पुलिस में ऑटोरिक्शा में बैठे यात्रियों का मोबाइल चुराने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी हेड कांस्टेबल रघुवीर सिंह और महिला पुलिस कांस्टेबल किंजल, कांस्टेबल शक्ति सिंह को खुफिया जानकारी मिली कि दो बदमाश चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने रूपाली नहर सर्किल के पास निगरानी करते हुए दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से 54 मोबाइल बरामद किया है। इसकी कीमत 4लाख, 69 हजार रूपए है। पुलिस ने वेसू, गोडादरा, खटोदरा, कापोद्रा, अलथाण समेत मोबाइल चोरी की 8 गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने शैलेष परमार (उम्र-36, निवासी- महालक्ष्मी अपार्टमेंट, वराछा) और अनिल सैंदाणे (46, सलाबतपुरा, सूरत) को गिरफ्तार किया है। अनिल के खिलाफ चोरी के 8 केस दर्ज हैं, वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। शैलेष के खिलाफ भी दो केस दर्ज हैं। पुलिस ने चोरी के मोबाइल खरीद-बिक्री के मामले में सलमान घासवाला आैर अहमद पठान को वॉन्टेड घोषित किया है।