सूरत। वराछा की ग्लोबल मार्केट में किराए पर दुकान लेकर कपड़ा व्यापारी से 32 लाख रूपए की ठगी करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीसरा आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार वराछा के ग्लोबल मार्केट में कपड़े की दुकान में मैनेजर की नौकरी करने वाले किशोर शिंदे ने विमल राठी, सोनू और मुन्नालाल कुमावत के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। किशोर शिंदे ने पुलिस को बताया कि आरोपित विमल राठी और उसके दोनों ने रेफरेंस फार्म पर फर्जी दस्तखत और मुहर लगाकर एक दुकान किराए पर ली थी। इसमें कपड़े का कारोबार शुरू किया था। किशोर शिंदे ने विमल राठी को 32.89 लाख रूपए का कपड़ा उधार दिलवाया था। पेमेंट मांगने पर विमल राठी आनाकानी करने लगा। नवागाम-डिंडोली में स्थित साईं दर्शन सोसाइटी में रहने वाले किशोर शिंदे ने विमल राठी अौर उसके दोस्तों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने विमल राठी और सोनू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी मुन्नालाल कुमावत (उम्र-21, निवासी- पुरुषोत्तम नगर, गोडादरा) फरार है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कपड़ा उधार लेकर उसे सस्ते में बेच दिए और दुकान बंद करके फरार हो गए थे। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, तीसरे की भी खोजबीन की जा रही है।