नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह जेल से छूटने के बाद हमलावर हो गए हैं। सांसद संजय सिंह ने पत्रकार परिषद में भाजपा को घेरने की कोशिश करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल काे फंसाने के लिए यह साजिश रची गई।
दिल्ली में शराब घोटाला आम आदमी पार्टी या केजरीवाल ने नहीं बल्कि भाजपा ने किया है। भाजपा के बड़े-बड़े नेता इस घोटाले में शामिल हैं। संजय सिंह ने केजरीवाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह जनता के लिए काम करने वाले मुख्यमंत्री हैं। उन्हें साजिश रचकर जेल में डाल दिया गया। संजय सिंह ने आगे कहा कि मैं आज आपको ये बताने आया हूं कि एक साजिश के तहत अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। दो करोड़ लोगों के लिए काम करने वाले मुख्यमंत्री को जेल में डालने का क्या प्रयोजन है? मैं इसका खुलासा करूंगा आैर भाजपा द्वारा किए गए शराब घोटाले का पर्दाफाश करूंगा।
बता दें, दिल्ली शराब कांड में ईडी ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया था। इसी मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।