नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। आप का प्रदर्शन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में है तो वहीं दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। आप के मंत्री, नेता सड़क पर उतरे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी है। आप कार्यकर्ताओं ने पीएम आवास का घेराव करने का ऐलान किया गया है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली के पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के बाद प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही है। पुलिस ने पंजाब के मंत्री और आप नेता हरजोत सिंह बैंस को पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के बाहर हिरासत में लिया है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने धारा 144 लागू की है। वहीं, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के ऐलान को देखते हुए पुलिस ने पीएम आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करते हुए लिखा है- हम प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे हैं। हमारे कई विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
शराब घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए ड्रामा कर रहे हैं: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा का कहना है कि शराब घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए अरविंद केजरीवाल ईडी की हिरासत में होते हुए भी ड्रामा कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेता कहते हैं कि उन्हें जेल से आदेश मिल रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के झूठे आदेश के खिलाफ एलजी और ईडी से शिकायत की है। जैसे गैंगस्टर जेल से गिरोह चलाते हैं, उसी प्रकार अरविंद केजरीवाल भी जेल से सरकार चलाना चाहते हैं। केजरीवाल को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।