सुकमा। सुकमा जिले में नक्सली दंपती ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोड़ी सुक्का उर्फ सोडी कोसा(45)और उसकी पत्नी सोड़ी सुक्की(37) ने आत्मसमर्पण कर दिया है। सोडी कोसा पर 5 लाख और उसकी पत्नी सुक्की पर 2 लाख रुपए का इनाम था। पुलिस ने बताया कि नक्लसी दंपती ने माओवादी नेताओं के व्यवहार से परेशान होकर हिंसा का मार्ग छोड़ने का निर्णय लिया है। आत्मसपर्मण करने वाले दंपती को राज्य सरकार की ओर से सहायता प्रदान की जाएगी। सोड़ी कोसा ने बताया कि संगठन के नियम बहुत कड़े हैं। संगठन में बच्चा पैदा करने की मनाही है। कई नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, पर उन्हें इसका मौका नहीं मिल रहा है। सोडी सुक्का 2001 से संगठन में सक्रिय रहा और 2015 से अब तक किस्टाराम एरिया कमेटी में कृषि शाखा डिएकेएमएस अध्यक्ष रहा। वह कई बड़ी वारदातों में भी शामिल रहा है। उसकी पत्नी सुक्की 2006 से संगठन में सक्रिय रही है।
सुकमा जिले के एसपी किरण चौहान ने बताया कि पुलिस की ओर से “नई सुबह, नई शुरुआत’ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के जवान नक्सलियों ने सरेंडर करने की अपील कर रहे हैं। पिछले 2 साल में 200 से अधिक नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति का पूरा लाभ मिल रहा है।