नई दिल्ली। खाते से 65 करोड़ रुपए टैक्स कटने पर कांग्रेस नेता भड़क गए हैं। गुरुवार को पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को आर्थिक रूप से अपाहिज बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की आर्थिक हत्या नहीं बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की हत्या है। जयराम रमेश ने कहा कि टैक्स के बहाने यह प्रयास किया जा रहा है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन न कर सके।
पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को तानाशाही राज बनाने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ आर्थिक आतंकवाद शरू किया है। खाते में जमा रकम हमें आम जनता और कार्यकर्ताओं से मिला है। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दल के खाते को हाईजैक कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि चौंकाने वाली बात तो यह है कि बैंकों से हमारे पैसे चुराए जा रहे हैं। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे, जनता के पास जाएंगे।
पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ आर्थिक आतंकवाद शुरू किया है। मोदी सरकार हमारे खातों पर डाका डालकर सारे रुपए ले गई। कोषाध्यक्ष ने बताया कि हमारे खाते से कुल 65करोड़, 88लाख, 81हजार, 474 रुपए निकाले गए हैं।