सूरत। कतारगाम में दर्दनाक मामला सामने आया है। एक युवक ने आधी रात में गहरी नींद सो रही प्रेमिका पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कतारगाम पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
राधा गटुभाई झरपडा(उम्र-50) बेटे और बेटी के साथ कतारगाम में ललिता चौराहे के पास फुटपाथ पर रहती थी। राधा का पति अपने गांव राजस्थान में ही रहता है। राधा पिछले पांच साल से शंभु से प्यार करती थी। इसी बीच शंभु को शंका हुई की राधा किसी और से भी प्यार करती है। रविवार को रात करीबन 1:45 बजे शंभु बोतल में पेट्रोल लेकर और राधा पर छिड़ककर आग लगा दी। राधा के जोर-जोर से चिल्लाते ही उसके बच्चे और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कतारगाम पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से झुलसी राधा को 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की बेटी ने कहा- हम गहरी नींद में सो रहे थे, तभी मां के चिल्लाने की आवाज आई
मृतक राधा की बेटी मनीषा झरपड़ा ने बताया कि वह गहरी नींद में सो रही थी, तभी अचानक मां के चिल्लाने की आवाज आई। मैने उठकर देखा तो मां आग में जल रही थी। शंभु आग लगाने के बाद भाग गया था। मैंने तुरंत पुलिस को फोन किया। मनीषा ने बताया कि हमारे पिता गांव में खेती करते हैं। हम मां के साथ यहां दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।
पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार किया
राधा पर पेट्रोल छिड़कर आग लगाने के बाद शंभु पकड़े जाने के डर से नजदीक में एक मंदिर में जाकर छिप गया था। कतारगाम पुलिस ने मृतक की बेटी और बेटे से पूछताछ करने के बाद आरोपी शंभु को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी ने बताया- 8 साल से दोनों में प्रेम संबंध था
एसीपी एलबी झाला ने बताया कि शंभु और राधा में पिछले 8 साल से प्रेम संबंध था। शंभु दो दिन पहले राधा को किसी पुरुष के साथ बातचीत करते हुए देख लिया था। उसे शंका होने लगी कि राधा दूसरे से प्यार करती है। इसी बात को लेकर दोनों खूब झगड़ा हुआ था। शंभु ने गुस्से में राधा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने हत्यारे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।