नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा में जाने का निर्णय लिया है। वह पहली बार राज्यसभा में जाएंगी। सोनिया गांधी 14 फरवरी को राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ नामांकन पत्र भरेंगी। देश के 15 राज्यों में राज्यसभा की 56 सीटों पर 26 फरवरी को चुनाव होने वाले हैं। इसके परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। राजस्थान में राज्य सभा की तीन सीटें हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमाेहन सिंह भी राजस्थान से राज्य सभा सदस्य चुने गए थे। मनमाेहन सिंह ने इस बार चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उनका कार्यकाल समाप्त होने के साथ ही यह सीट खाली हो जाएगी। कांग्रेस को इस सुरक्षित सीट पर चुनाव के लिए नए उम्मीदवार की घोषणा करनी थी, इसलिए सोनिया गांधी के नाम पर मुहर लगाई गई है। सोनिया गांधी अभी रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं।
उधर, भाजपा ने 12 फरवरी को राज्य सभा के लिए दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। भाजपा ने चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ को मैदान में उतारा है।
राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटें खाली हैं। कांग्रेस के डॉ. मनमोहन सिंह और भाजपा के भूपेन्द्र सिंह का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। भाजपा नेता किरोडी लाल मीणा ने विधानसभा में चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इन तीन सीटों में कांग्रेस को एक और भाजपा को दो सीटें मिलने की पूरी उम्मीद है।
किन राज्यों में कितनी सीटें खाली हैं
आंध्र प्रदेश: 3
बिहार: 6
छत्तीसगढ़: 1
गुजरात: 4
हरियाणा: 1
हिमाचल प्रदेश: 1
कर्नाटक: 4
मध्य प्रदेश: 5
महाराष्ट्र: 6
तेलंगाना: 3
उत्तर प्रदेश: 10
उत्तराखंड: 1
पश्चिम बंगाल: 5
ओडिशा: 3
राजस्थान: 3