नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और हरित क्रांति के जनक कहे जाने वाले डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। पीएम मोदी ने लिखा है- हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकारियों और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। पीएम ने आगे लिखा- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तकि एक विधायक के रूप में भी उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण काे गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। किसानों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश काे प्रेरित करने वाली है।
आर्थिक उदारीकरण के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव को भी भारत रत्न देकर सम्मानित किया जाएगा। पीएम मोदी ने लिखा है कि नरसिम्हा राव की ओर से उठाए गए आर्थिक सुधारों के कदमों को याद किया जाएगा। हरित क्रांति के जनक कहे जाने वाले एमएस स्वामीनाथन को भी भारत रत्न देने की घोषणा की गई है। पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि उन्होंने भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए हैं।