मुंबई। टीवी इंडस्ट्री से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘धरतीपुत्र नंदिनी’ शो में काम कर चुके अभिनेता अमन जायसवाल का निधन हो गया। अमन की उम्र केवल 23 वर्ष थी। धरतीपुत्र नंदिनी शो के लेखक धीरज मिश्रा ने इस खबर की पुष्टि की है। मिश्रा ने बताया कि अमन बाइक चला रहा था, तभी एक ट्रक ने टक्कर मार दी। सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए धीरज मिश्रा ने कहा कि अमन कुछ ऑडिशन देने जा रहा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा- आप हमारी यादों में जीवित रहेंगे, भगवान बहुत क्रूर हो सकते हैं जैसा कि आपकी मृत्यु ने हमें आज अनुभव कराया है। अलविदा।
दुर्घटना के बाद अमन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, उनकी आधे घंटे के भीतर ही मृत्यु हो गई। अमन उत्तर प्रदेश के बलिया का निवासी था। अमन ने ‘धरतीपुत्र नंदिनी’ में मुख्य भूमिका निभाई थी। एक अन्य शो पुण्यश्लोक अहिल्याबाई में उन्होंने यशवंत राव फांसे की भूमिका निभाई। यह शो 2021 से 2023 तक प्रसारित किया गया था। अमन ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी और वह रवि दुबे और सरगुन मेहता के शो ‘उड़ारिया’ का भी हिस्सा रहे।