Friday, March 14, 2025
Homeराष्ट्रीयसीएम योगी ने कहा- इस्लाम से पहले भी ग्रंथों में है संभल...

सीएम योगी ने कहा- इस्लाम से पहले भी ग्रंथों में है संभल का जिक्र, 1526 में तोड़ा गया था विष्णु मंदिर

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि सम्भल का उल्लेख इस्लाम से पूर्व के ग्रंथों में मिलता है। संभल में बने श्री हरि विष्णु मंदिर को 1526 में ध्वस्त कर दिया गया था। संभल का उल्लेख 5000 वर्ष पुराने ग्रंथों में मिलता है। उसमें भगवान विष्णु के भावी अवतार का संदर्भ हैं। दूसरी ओर, इस्लाम का उदय केवल 1,400 वर्ष पहले हुआ। मैं ऐसी बात कर रहा हूं जो इस्लाम से कम से कम 2,000 साल पुरानी है। इन बातों के प्रमाण सदियों से मौजूद हैं।
सीएम योगी ने कहा कि 1526 में संभल में भगवान विष्णु का मंदिर तोड़ा गया और दो साल बाद 1528 में अयोध्या में राम मंदिर भी तोड़ दिया गया। लखनऊ में आरएसएस से संबद्ध साप्ताहिक पत्रिका ‘ऑर्गनाइजर’ द्वारा आयोजित मंथन: कुंभ और उससे आगे कार्यक्रम में बोलते हुए योगी ने कहा कि दोनों कृत्य एक ही व्यक्ति द्वारा किए गए थे।
योगी ने कहा कि दुनिया के हर धर्म और पूजा पद्धति में कुछ अच्छाइयां होती हैं। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि किसी का विश्वास जबरन छीनना और उसकी आस्था को कुचलना अस्वीकार्य है। खासकर तब जब हमें संभल की सच्चाई पता है। संभल एक ऐतिहासिक सच्चाई का प्रतिनिधित्व करता है और उन्होंने हमेशा इसके बारे में खुलकर बात की है। मैं एक योगी हूं, मैं हर संप्रदाय, समुदाय और पूजा पद्धति का सम्मान करता हूं। अगर आप गोरखनाथ पीठ जाएंगे तो देखेंगे कि वहां किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता। सभी जाति, क्षेत्र और धर्म के लोग एक साथ बैठकर एक ही थाली में भोजन करते हैं। हमारे पूज्य संत, चाहे वे किसी भी धर्म के हों, एक साथ बैठकर भोजन करते हैं और उन्हें समान सम्मान मिलता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments