फतेहाबाद। शुक्रवार रात को धुंध के चलते एक क्रूजर गाड़ी गांव सरदारेवाला के समीप भाखड़ा नहर में गिर गई। क्रूजर गाड़ी में 13 लोग सवार थे। इसमें से एक ही व्यक्ति बाहर निकल पाया, बाकी पानी के बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना अध्यक्ष राजवीर सिंह व अन्य पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार रतिया क्षेत्र गांव महमड़ा से पंजाब के गांव जलालबाद में 13 लोग शादी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार को रात में क्रूजर गाड़ी से वापस लौट रहे थे, भारी धुंध के कारण सरदारेवाला के पास क्रूजर गाड़ी भाखरा नहर में गिर गई। हादसे के बाद छिंदा सिंह नामक एक व्यक्ति पानी से बाहर निकल पाया। छिंदा सिंह ने नहर से बाहर आने के बाद शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग जमा हुए और पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि क्रेन की मदद से क्रूजर गाड़ी को नहर से बाहर निकाला गया, जबकि गाड़ी में सवार लोगों की नहर में तलाश की जा रही है।