गांधीनगर। राज्य के मुख्य सचिव राजकुमार के रिटायर्ड होने के बाद शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारी पंकज जोशी ने गुजरात के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया। पद ग्रहण करने के बाद मुख्य सचिव पंकज जोशी ने कहा कि इज आॅफ डूइंग बिजनेस, एफडीआई निवेश सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में गुजरात अग्रणी रहा है। गुजरात को भारत के विकास इंजन के रूप में जाना जाता है। पिछले ढाई दशकों में राज्य में उल्लेखनीय विकास हुआ है और हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि आने वाले समय में गुजरात और भी तेजी से विकास करे।
मुख्य सचिव जोशी ने कहा कि भारत सरकार और गुजरात सरकार का एक ही विजन है, सरकार आत्मनिर्भर गुजरात के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी। राज्य सरकार द्वारा विकसित गुजरात 2047 विजन दस्तावेज़ तैयार किया गया है। यह विजन डॉक्यूमेंट दो थीम पर है। जिसमें अच्छी कमाई और अच्छी जिंदगी दोनों थीम को ध्यान में रखते हुए रोड मैप तैयार किया जाएगा।
सेवानिवृत्त हुए गुजरात के मुख्य सचिव राजकुमार को विभिन्न विभागों के प्रमुखों सहित राज्य के वरिष्ठ सिविल सेवकों ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कमल दयानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव एमके दास, अतिरिक्त मुख्य सचिव जयंती रवि, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेपी. गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव एसजे. हैदर सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले पंकज जोशी 1989 में भारतीय सिविल सेवा अधिकारी के रूप में गुजरात कैडर में शामिल हुए। जोशी ने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक. की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने जल क्षेत्र में एमटेक की पढ़ाई भी की है। उन्होंने गुजरात में प्रांतीय अधिकारी से लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी विभागों में कार्य किया है।