मुंबई। बॉलीवुड गायक सोनू निगम ने एक बार फिर राष्ट्रीय सम्मान पद्म पुरस्कार पर तंज कसा है। सोनू निगम ने गणतंत्र दिवस पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कार 2025 पर निराशा व्यक्त करते हुए एक वीडियो साझा किया है। जिसमें सवाल उठाए गए हैं कि सरकार ने महान गायकों को अभी तक पद्मश्री से सम्मानित क्यों नहीं किया है?’ ऐसे कई गायक हैं जो सभी के लिए प्रेरणा हैं और उनकी प्रतिभा को पहचाना जाना चाहिए।
सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा- दो गायक हैं जिन्होंने दुनियाभर के गायकों को प्रेरित किया है। उनमें से सिर्फ एक को ही पद्मश्री तक सीमित रखा गया है और वह हैं मोहम्मद रफी। एक ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें अभी तक पद्मश्री पाने का सौभाग्य नहीं मिला है, और वे हैं किशोर कुमार जी। उन्हें मरणोपरांत भी कोई पुरस्कार नहीं मिला।
सोनू निगम ने आगे कहा कि ऐसे और भी कई सिंगर हैं, अलका याग्निक जिनका इतना लंबा और शानदार करियर रहा है, उन्हें आज तक कुछ नहीं मिला। श्रेया घोषाल लंबे समय से अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। वह एक उत्कृष्ट गायक हैं, सुनिधि चौहान ने भी अपनी अनूठी आवाज से एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है, लेकिन उन्हें भी अभी तक कुछ नहीं मिला है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अरिजीत सिंह को पद्मश्री पुरस्कार और बिहार की स्वर कोकिला कही जाने वाली शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।