प्रयागराज। बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। खबरों के अनुसार ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनने जा रही हैं। उन्होंने आज शाम को संगम पर अपना पिंडदान किया। इसके अलावा शाम छह बजे किन्नर अखाड़े में उनका पट्टाभिषेक हुआ। ममता कुलकर्णी ने किन्नर अखाड़े की प्रमुख महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महाराज और जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी जय अंबानंद गिरि से भी मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।
ममता कुलकर्णी गृहस्थ जीवन से संन्यास लेकर अब संतों का जीवन व्यतीत करेंगी। उन्हें दीक्षा देकर महामंडलेश्वर बनाया गया। शुक्रवार को ममता कुलकर्णी भगवा वस्त्र धारण कर महाकुंभ के सेक्टर नंबर 16 में स्थित किन्नर अखाड़े के शिविर में पहुंचीं। यहां उनका पट्टाभिषेक किया गया। महामंडलेश्वर बनने के बाद ममता कुलकर्णी का नाम अब श्री यामिनी ममता नंद गिरि होगा।