संभल। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर असमोली बाईपास के पास टर्न ले रही बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बोलेरो में फंस गई। बोलेरो ड्राइवर बाइक को दो किलोमीटर तक घसीटता रहा और सड़क पर चिंगारी निकलती रही। इसके बाद ड्राइवर बोलेरो लेकर फरार हो गया। इस वीडियो भी सामने आया है। वहीं, हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान सुखवीर के रूप में हुई है, वह शाहजादखेड़ा मैनाठेर का निवासी है। सुखवीर की बसला गांव में ससुराल है। वह रविवार को अपनी ससुराल से घर वापस लौट रहा था, तभी मुरादाबाद की ओर से रही बेकाबू बोलेरो ने वाजिदपुर के पास उसे जोर से टक्कर मार दी। ड्राइवर बोलेरो रोकने की बजाय और तेज चलाने लगा। सुखवीर सड़क पर गिरकर घायल हो गया और उसकी बाइक बोलेरो में फंस गई। ड्राइवर बोलेरो से बाइक को 2 किलोमीटर तक घसीटता चला गया। बताया जाता है कि बोलेरो के आगे बीजेपी का स्टीकर भी लगा हुआ था।