वडोदरा। भरूच के झगड़िया में श्रमिक परिवार की 10 साल की बेटी से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बच्ची की हालत ज्यादा खराब है। उसे वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित और आरोपी दोनों झारखंड के हैं। पीड़ित को लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। झारखंड सरकार की महिला मंत्री ने वडोदरा पहुंचकर गुजरात सरकार से लड़की का उचित इलाज कराने की मांग करते हुए पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की। इसे लेकर नया विवाद शुरू हो गया है।
वडोदरा में पत्रकारों से बात करते हुए झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि लड़की की हालत गंभीर है। झारखंड सरकार बच्ची को इलाज के लिए गुजरात से बाहर किसी अच्छे अस्पताल में ले जाने को तैयार है। झारखंड सरकार की ओर से लड़की के पिता को 4 लाख का चेक और 50 हजार नकद दिया गया है। अगर गुजरात सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती है तो हम दिल्ली में आवाज उठाएंगे।
झारखंड से बड़ी संख्या में लोग काम की तलाश में गुजरात आते हैं। जिन औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास की कॉलोनियों में ये लोग रहते हैं, वहां मजदूर वर्ग के परिवारों के बच्चों की साफ-सफाई, सुरक्षा और शिक्षा के लिए गुजरात सरकार, उद्योगों द्वारा क्या ख्याल रखा जाता है? एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना शर्मनाक है। मंत्री ने आगे कहा कि अगर झारखंड के मजदूर घर आ गए तो गुजरात के उद्योगों में ताला लग जाएगा। जब महिला मंत्री से पूछा गया कि आरोपी भी झारखंड का है तो उन्होंने कहा कि भले ही आरोपी झारखंड का हो लेकिन अपराधी किसी राज्य, धर्म या जाति का नहीं होता है। महिला मंत्री के साथ झारखंड की एडिशनल डीजी सुमन गुप्ता और झारखंड सामाजिक सुरक्षा विभाग की निदेशक किरण बस्सी भी वडोदरा आई।
उधर, पूरी घटना पर गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेष पटेल ने कहा- भरूच के झगड़िया में हुई रेप की घटना को लेकर अस्पताल को बच्ची का जल्द और उचित इलाज करने के निर्देश दिए गए हैं। झारखंड कैबिनेट-टीम यहां आई हुई है।